Saturday, March 12, 2011

श्रीनगर।। कश्मीर घाटी के शोपियां और सोपोर में सुरक्षा बलों के साथ शनिवार को हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पिछले हफ्ते कुलगाम जिले में कथित रूप से पुलिसकर्मियों से राइफलें छीनने वाले दो आतंकवादियों सहित तीन आतंकी मारे गए।

अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात श्रीनगर से 52 किलोमीटर दूर स्थित शोपियां जिले के लेहंद-हब्दीपोर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में छुपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो आज सुबह दोनों आतंकवादियों के मारे जाने के साथ ही खत्म हुई।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की पहचान इश्फाक अहमइ चोपन और खुर्शीद अहमद इट्टू के रूप में हुई है। दोनों शापियां जिले के निवासी थे। बताया जाता है कि दोनों सोमवार को कुलगाम जिले के यारीपोर में पुलिसर्मियों से इंसास और एके 47 राइफल छीने जाने की घटना में शामिल थे। छीनी गई राइफलें मुठभेड़स्थल से बरामद कर ली गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बारामुला जिले के सोपोर नगर में मुस्लिम पीर क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में गुप्त सूचना के आधार पर एक अभियान शुरू किया था।

उन्होंने बताया कि आतंकवादी एक मेडिकल दुकान में छुप गए और उसके बाद सुरक्षाबलों पर गोलीबारी करने लगे। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभी तक एक आतंकवादी मारा गया है।

No comments: