
capsion- जिस वक्त मुंबई बम धमाकों से दहल रही थी, उसी दौरान केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय कई हस्तियों के साथ एक कैटवॉक शो का लुत्फ उठा रहे थे। यह फोटो सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर जारी हुआ है। इसमें शो के लिए सजे मंच के सामने दर्शकों की अगली कतार में सुबोध कांत सहाय कई वीआईपी हस्तियों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं'
नई दिल्ली. मुंबई में बुधवार को जिस वक्त बम धमाके से अफरा तफरी मची थी उस वक्त केंद्र सरकार के एक मंत्री और कई जानी मानी हस्तियां एक फैशन शो का लुत्फ उठा रही थीं। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर फोटो सहित यह सूचना जारी की गई है, जिस पर कई लोगों की तीखी प्रतिक्रिया भी है।
इस सूचना के मुताबिक मुंबई धमाकों की खबर इन हस्तियों तक पहुंच चुकी थी लेकिन इसके बावजूद ये भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार प्रधान की बेटी के डिजाइन किए कपड़ों के फैशन शो में शामिल हुए।
इस पार्टी में शामिल होने वाली हस्तियों में केंद्रीय पर्यटन मंत्री और रांची के सांसद सुबोध कांत सहाय के अलावा भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव आरती मेहरा, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव वाणी त्रिपाठी, पूर्व नागरिक उड्यन मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पत्नी नीलम प्रताप रूढ़ी, मशहूर अभिनेता सुरेश ओबेराय, निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेत्री मुग्धा गोडसे, अनुष्का शर्मा सहित कई कई लोग शामिल थे।
फेसबुक पर इस फैशन शो की फोटो भी लगी है जिसमें केंद्रीय मंत्री सहित कई हस्तियां इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाती दिखाई दे रही हैं। इस जानकारी और फोटो पर फेसबुक पर कई लोगों ने शेयर भी किया है। इसमें यह भी बताया गया है कि इन हस्तियों से जब एक पत्रकार ने पूछा कि आज मुंबई में हमला हुआ है और आप लोग 'कैटवाक' देख रहे हैं, तो इनमें से ज्यादा का जवाब था, 'जिंदगी जिंदादिली का नाम है, हंस के जिये जा...'
इस खबर और फोटो के फेसबुक पर पोस्ट होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रिया आ रही है। मोनिका महाजन ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि मुंबई बम धमाके में मारे गये लोगों की मौत पर इनकी जिंदादिली गौर करने लायक है। भानु सिंह नाम के एक शख्स ने कहा, 'भगवान करे ये जिंदादिली इनके किसी अपने के खोने पर भी बनी रहे।'
No comments:
Post a Comment