Saturday, July 16, 2011

मुंबई के आसपास बनाए गए थे बम

मुंबई। मुंबई धमाकों के बारे में एक नया खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुंबई की तीनो जगहों पर रखे गए बमों को आसपास के इलाकों में ही बनाया गया था। पुलिस के अनुसार किसी एक्सपर्ट की देखरेख में धमाकों से कुछ ही घंटों पहले बम बनाए गए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बम किसी खास एक्सपर्ट द्वारा धमाकों के 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में ही बनाए गए थे। विशेषज्ञों के अनुसार बम बनाने में टीएनटी व अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया है। इस पदार्थ को कहीं दूर ले जाना काफी खतरनाक होता है और इसमें जल्द ही विस्फोट की संभावना बनी रहती है।

सूत्रों की माने तो आतंकियों ने घटना को अंजाम देने के लिए धमाकों की साइट के आसपास ही किसी खास एक्सपर्ट की निगरानी में बम बनाए। सूत्रों की मानें तो बमों को धमाकों से 3 से 4 घंटों पहले ही बनाया गया था।

इंडियन मुजाहिद्दीन पर गहराया शक
ेमुंबई धमाकों की प्रारंभिक जांच में इंडियन मुजाहिद्दीन पर शक गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र एटीएस ने इस मामले में कोलकाता एसटीएफ से आईएम के आतंकी अब्दुल्ला उर्फ नाटा की जानकारी मांगी है। उधर मुंबई एटीएस की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के फैजाबाद में आईएम आतंकी सलमान के घर छापा मारकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस के के सूत्रों के अनुसार नाटा इंडियन मुजाहिद्दीन के संस्थापक आमिर रजा का करीबी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को शक है कि रजा ने धमाकों के लिए नाटा के जरिए ही पैसे पहुंचाए थे। नाटा ने अपने गुर्गो के जरिए व्यापारियों से वसूली की थी।

एटीएस ने कोलकाता एसटीएफ से नाटा की पूरी जानकारी देने और उसके बारे में पता लगाने के लिए मदद मांगी है। एटीएस ने रेलवे विभाग से कोलकाता-मुबई रूट पर धमाकों से 8 दिन पहले के ट्रेन रिर्जवेशन व टिकटों की भी जानकारी मांगी है।

यूपी में बिछाया जाल
मुंबई एटीएस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से मदद लेकर यूपी के फैजाबाद पहुंच गई है एटीएस ने दिल्ली धमाकों के आरोपी सलमान के घरवालों से पूछताछ शुरू कर दी है। सलमान भी इंडियन मुजाहिद्दी का आतंकी है।

उधर अहमदाबाद से उत्तर प्रदेश तक शक की बिनाह पर हिरासत में लिए गए प्रतिबंधित संगठन सिमी के 100 कार्यकर्ताओं से भी पूछताछ की जा रही है।

इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अहमदाबाद से लेकर रांची तक इंडियन मुजाहिद्दीन के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इससे धमाकों के पीछे आईएम का हाथ होने का शक गहराता जा रहा है।

No comments: