Saturday, July 16, 2011

वाशिंगटन. ओसामा बिन लादेन अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा और अफगास्तिान में तैनात अमेरिकी सेना के कमांडर जनरल डेविड पेट्रॉस की हत्‍या की साजिश रच रहा था। पाकिस्‍तान के एबटाबाद स्थित ओसामा की हवेली से बरामद दस्‍तावेजों के हवाले से मिली सूचना के आधार पर स्‍थानीय मीडिया ने यह खुलासा किया है।

गौरतलब है कि अमेरिकी नेवी सील कमांडो ने बीते 2 मई को ऐबटाबाद में एक घर में छिपे लादेन को मार गिराया था। 'सीएनएन' ने ओसामा की हवेली से मिले दस्‍तावेजों से जुड़े अधिकारियों के हवाले से कहा है, 'पाकिस्‍तान में लादेन की हवेली से बरामद दस्‍तावेजों से पता चलता है कि अल कायदा सरगना बराम ओबामा और डेविड पेट्रॉस पर हमले की फिराक में था।' सीएनएन के मुताबिक दस्‍तावेजों में एक हमले का जिक्र है जिसके निशाने पर अफगानिस्‍तान-पाकिस्‍तान के इलाके में ओबामा और पेट्रॉस को ले जाने वाला विमान है।

सीएनएन के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ओसामा जिस वक्‍त यह प्‍लान तैयार कर रहा था उस वक्‍त वह अमेरिका के खिलाफ जहर उगलने के मूड में था। 'वॉल स्‍ट्रीट जर्नल' ने हाल में खबर दी थी कि अल कायदा सरगना 9/11 हमले की 10वीं सालगिरह के मौके पर अमेरिका पर हमले करने की फिराक में था।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक बिन लादेन और उसका ऑपरेशन चीफ अतैया अब्‍द अल रहमान ओबामा और जनरल पेट्रॉस पर हमला करने वाली टीम को लेकर बहस कर रहे थे। रहमान इस टीम के लिए जिन नामों की सिफारिश कर रहा था, लादेन उन्‍हें ठुकरा देता था। ऐबटाबाद की हवेली से मिले दस्‍तावेजों से साफ है कि लादेन अरब प्रायद्वीप में यमन स्थित अल कायदा के नेताओं से संपर्क में था।


जिंदा है कश्‍मीरी?
इस बीच, पाकिस्‍तानी मीडिया में आ रही खबर के मुताबिक हूजी प्रमुख इलियास कश्‍मीरी मारा नहीं गया है बल्कि जिंदा है। 'डॉन चैनल' ने अपने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि कश्‍मीरी जिंदा है और आतंकी गतिविधियों में सक्रिय भी है। सूत्रों ने कहा है कि पाकिस्‍तान और अमेरिका के अधिकारी कश्‍मीरी की मौत की पुष्टि नहीं कर सके थे।

बीते महीने की शुरुआत में मीडिया में ऐसी खबर आई थी कि पाकिस्तान के कबालयी इलाके उत्तरी वज़ीरिस्तान में अमरीकी ड्रोन विमानों के हमले में कुछ आतंकवादी मारे गए हैं जिसमें इलियास कश्मीरी भी है। लेकिन पाकिस्‍तानी चैनल के इस खुलासे से सभी हैरान हैं कि कश्मीरी अब भी जिंदा है और पाकिस्तान-अफगानिस्तान के सीमाई इलाकों में सक्रिय है।

कश्मीरी को अल कायदा का एक मुख्य कमांडर माना जाता है। कश्मीरी पर पाकिस्तान में हुए कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप है। पाकिस्तान में 22 मई को कराची के नौसैनिक अड्डे पर हुए आतंकी हमले के पीछे भी उसी का हाथ माना जाता है। गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश विभाग ने उसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित कर रखा है।

No comments: