Friday, July 15, 2011

हवा में उड़ गए 25 करोड़ के हीरे, कारोबारियों ने खुद किया 250 करोड़ का नुकसान

मुंबई. 13 जुलाई को मुंबई में हुए तीन धमाकों में जान की क्षति तो हुई ही, माल का भारी नुकसान हुआ है। ओपेरा हाउस में हुए धमाके में तो 25 करोड़ रुपये के हीरे हवा में उड़ गए। बटर पेपर पैकेट या पतलून के नीचे छिपे पैकेट में रखे हीरे गायब हैं। धमाके के बाद कुछ लोगों को मृत व्‍यक्तियों की जेब से हीरे निकालते भी देखा गया।
मुंबई डायमंड मर्चेंट्स एसोसिएशन के सचिव भरत वी. शाह कहते हैं, 'हममें से ज्‍यादातर अपनी जेब में हीरे रखते हैं। हम कभी पीपल के पेड़ के नीचे सौदा कर लेते हैं तो कभी चाय की दुकान पर। धमाके में कई कारोबारियों ने अपने हीरे खोए हैं।'
एक कारोबारी ने तो बताया कि कई लोग दिन भर अपनी बंद मुट्ठी में ही हीरे रखते हैं और शाम को जब कुछ खाने-पीने जाते हैं तब उन्‍हें जेब में रख लेते हैं। एक कारोबारी संजय शाह कहते हैं कि एक मोटे अनुमान के मुताबिक धमाके के बाद हवा में करीब 25 करोड़ रुपये मूल्‍य के हीरे उड़ गए। लेकिन 250 करोड़ का नुकसान तो कारोबारियों ने खुद कर लिया। उन्‍होंने गुरुवार को कारोबार बंद रखा और शुक्रवार को भी बंद का ऐलान किया है।
हीरा कारोबारियों का बंद सरकार और पुलिस में उनका भरोसा नहीं रह जाने के कारण है। उनका कहना है कि सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करा सकती और वे अपनी सुरक्षा का इंतजाम खुद करेंगे। एसोसिएशन के सदस्‍य आज इस बारे में चर्चा के लिए बैठक करने वाले हैं।

No comments: