Tuesday, June 21, 2011

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकमियों की मौत हो गई जबकि दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना अटरिया थाना क्षेत्र की है जहां थाना प्रभारी (अटरिया) पन्नालाल सरोज अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कस्बे के बाहरी इलाके में हुए सड़क हादसे में राहत और बचाव कार्य करवा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े सभी पुलिसकर्मियों को कुचलता हुआ चला गया।

जिले के अपर पुलिस अधीक्षक बालेन्दु भूषण सिंह ने बताया, ''आठ पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल पुलिसकर्मियों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।''

सिंह ने बताया कि अटरिया कस्बे में एक मिनी ट्रक सड़क पर खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया था। इस दुर्घटना में मिनी ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों के शव ट्रक में बुरी तरह से फंस गए थे। घटना के वक्त थाना प्रभारी पन्नालाल सरोज सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शवों को निकलवा रहे थे। सिंह ने कहा कि जिस ट्रक ने पुलिसकर्मियों को कुचला उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

No comments: