Friday, August 26, 2011

संसद परिसर में अन्‍ना समर्थक का हंगामा, राहुल के घर के बाहर से कई हिरासत में


नई दिल्‍ली. अन्‍ना हजारे के आंदोलन पर सरकार की निष्किय्रता के खिलाफ लोगों का गुस्‍सा भड़क रहा है। अन्ना हजारे के एक समर्थक ने आज संसद भवन परिसर में घुस कर अन्ना के समर्थन में नारेबाजी की। हरियाणा के रोहतक जिले का मंजीत सिंह ग्रेवाल दर्शक दीर्घा के प्रवेश पत्र पर संसद भवन में आया था। जब वह संसद भवन के मुख्य द्वार पर पहुंचा, उसने अपनी शर्ट उतार दी। वह इंकलाब जिंदाबाद..., वंदे मातरम... के नारे लगाने लगा। उसकी बनियान पर अन्ना हजारे का फोटो छपा था और उसपर ‘आई एम अन्ना’ लिखा हुआ था। नारेबाजी सुनते ही संसद के सुरक्षा कर्मियों ने उसे दबोच लिया लेकिन वह नारे लगाते रहा। नारे लगाने से रोकने के लिए सुरक्षा कर्मी उसका मुंह भींच रहे थे। उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार वह आंध्र प्रदेश से कांग्रेस सांसद अनंत वेकट रामा रेड्डी की सिफारिश पर जारी प्रवेश पत्र पर संसद भवन आया था।

अन्‍ना समर्थकों ने राहुल गांधी के घर का भी घेराव किया। वे संसद में राहुल के दिए गए बयान से नाराज थे। उनका घर घेरने पहुंचे कई अन्‍ना समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने राहुल गांधी के घर के बाहर पूरी तरह से बैरिकेडिंग कर दी। राहुल से किसी को मिलने की इजाजत भी नहीं दी गई। फिर भी उनके घर के पास कई प्रदर्शनकारी डेरा डाले रहे। उधर, दिल्‍ली पुलिस ने टीम अन्‍ना को रामलीला मैदान के बाहर पुलिस से मारपीट करने की घटना को लेकर नोटिस भेजा है .
अन्‍ना हजारे के अनशन को 11 बीत गए हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है। इसे देखते हुए शुक्रवार को अन्‍ना ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को फिर से चिट्ठी लिखी। यह चिट्ठी केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के जरिये पीएम को भेजी गई। टीम अन्‍ना को उनके जवाब का इंतजार है।

No comments: