Thursday, August 25, 2011

संसद में होगी अन्ना के जनलोकपाल पर बहस

शुक्रवार को संसद में जनलोकपाल बिल पर बहस होगी। इस आशय की जानकारी केंद्रीय मंत्री विलास राव देशमुख ने अन्ना को दी। उन्होंने बताया कि जनलोकपाल समेत अन्य सभी प्रारूपों पर संसद में चर्चा होगी।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता विलासराव देशमुख ने शाम को अन्ना हजारे से रामलीला मैदान पर बात की थी। उसके बाद वह वहां से अन्ना का संदेश लेकर प्रधानमंत्री के पास गए थे। प्रधानमंत्री और कैबिनेट के वरिष्ठ सहयोगियों से बात के बाद विलासराव देशमुख ने अन्ना को सूचना दी कि संसद में जनलोकपाल बिल पेश कर उस पर शुक्रवार से चर्चा आरंभ कर दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देखमुख ने आज यहां रामलीला मैदान में गांधीवादी कार्यकर्ता अन्ना हजारे से मुलाकात की और उनसे अनशन खत्म करने का अनुरोध किया था।

देशमुख करीब तीन बजे रामलीला मैदान पहुंचे थे। उन्होंने यहां अनशनस्थल पर आराम कर रहे हजारे से करीब 10 मिनट तक बातचीत की।

बताया जाता है कि देशमुख ने ‘निजी रूप से’ हजारे से फौरन अनशन खत्म कर देने की गुजारिश की।

सूत्रों ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि देशमुख को क्या सरकार ने हजारे पक्ष से औपचारिक वार्ता के लिए रामलीला मैदान भेजा था। अहमदनगर से भाजपा सांसद दिलीप गांधी, और शिरडी से शिवसेना सांसद भाउ साहब बाकचौरे, शिरूर से शिवसेना के ही शिवाजी ए पाटिल ने आंदोलन को समर्थन जताया।

फिल्मकार अशोक पंडित और 95 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सोमनाथ भी आंदोलन में शामिल हुए। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में सैकड़ों किसान रामलीला मैदान पहुंचे

No comments: