Tuesday, September 6, 2011

विकिलीक्‍स मालिक को पागलखाने भेजो: मायावती

लखनऊ. विकिलीक्स के खुलासे से बौखलाई बीएसपी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने विकिलीक्स, उसके मालिक और बीजेपी की जमकर आलोचना की। प्रदेश की राजधानी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मायावती ने कहा कि विकिलीक्स के मालिक को पागलखाने भेज देना चाहिए। अगर उनके देश (स्‍वीडन) में जगह नहीं है तो यूपी के आगरा के पाखलखाने में उनके लिए जगह है।

मायावती ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए उनकी पार्टी के लोगों को ज़्यादा होशियार रहना होगा। उन्होंने कहा कि वे शशांक शेखर सिंह और सतीश चंद्र मिश्रा को पहले से कहीं ज्यादा अहमियत देंगी। मायावती ने विकिलीक्स पर जारी दस्तावेज को बेबुनियाद, शरारती बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी की छवि धूमिल करने की साजिश है। मायावती ने कहा, 'मैं घिनौनी राजनीति करने वाले लोगों की भी निंदा करती हूं। यह मेरे नेताओं को बदनाम करने की विरोधियों की साजिश है। मेरी पार्टी और सरकार के लोग आगे भी सावधान रहें। इस तरह के नाटक होंगे क्‍योंकि अगले साल चुनाव होने हैं।' मायावती ने विकिलीक्स के साथ-साथ मीडिया की भी आलोचना करते हुए कहा कि ये आरोप बेबुनियाद हैं और ये दलितों के खिलाफ सोच वाली मानसिकता को साबित करते हैं।

मायावती ने इस दौरान बीजेपी के नेता मुख्‍तार अब्‍बास नकवी का नाम लिए बिना उन्हें निशाने पर लेते हुए कहा कि सोमवार को जब विकिलीक्स की खबर सामने आई तो उनके चेहरे पर इतनी खुशी थी, जितनी तब भी नहीं थी जब वे राज्यसभा सांसद चुने गए थे। मायावती के मुताबिक, वे विकीलीक्‍स की खबरों को ऐसे हाईलाइट कर रहे थे, जैसे वो खुद ही विकीलीक्‍स के पार्टनर हों।

मायावती ने सैंडल खरीदने के लिए विशेष विमान भेजे जाने की बात को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जब उसे (नकवी का नाम लिए बिना उनकी तरफ इशारा करते हुए) पता है तो बीजेपी का नेता भी विकिलीक्‍स के मालिक के साथ मेरी सैंडल लाने मुंबई गया होगा। वहीं, 9 रसोइयों द्वारा खाना बनाने और निगरानी की खबर पर यूपी की सीएम ने कहा कि मेरी रसोई में वे (बीजेपी के नेता) बर्तन साफ करते होंगे, इसलिए उन्हें इतनी जानकारी है।
गौरतलब है कि विकिलीक्स वेबसाइट के मालिक जूलियन असांजे हैं, जो इन दिनों स्वीडन में रह रहे हैं। वे मूल रूप से ऑस्ट्रेलिया के हैं। असांजे 272 दिनों से बिना किसी आरोप के स्‍वीडन में हिरासत में हैं। गुप्त अमेरिकी दस्तावेजों का लंबे समय से खुलासा कर रही वेबसाइट विकिलीक्स ने कई देशों के नेताओं, सरकारों और बड़ी हस्तियों की नींदें उड़ा दी हैं। सोमवार को विकिलीक्स के वेबसाइट पर हुए खुलासे में मायावती को तानाशाह, भ्रष्ट और शाहखर्च बताया गया था। वहीं, एक अन्य केबल में सतीश चंद्र मिश्रा के हवाले से कहा गया था कि वह मानते हैं कि मायावती भ्रष्ट हैं।

No comments: