Wednesday, September 7, 2011

हाईकोर्ट पर हमले के बाद पूरे देश में अलर्ट


दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर हुए जबरदस्त विस्फोट के मद्देनजर सरकार ने राष्ट्रव्यवापी अलर्ट जारी कर राज्यों से सतर्कता बढ़ाने और एहतियाती कदम उठाने को कहा।

गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में इस्तेमाल की गई विस्फोटक सामग्री की प्रकृति का अभी पता नहीं चल पाया है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) एवं राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीमों ने जांच को आगे बढ़ाने वाली कुछ सामग्री घटनास्थल से एकत्र की है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हुए विस्फोट के मद्देनजर सभी राज्यों को एहतियाती कदम उठाने और सतर्कता बढ़ाने को कहा गया है।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, बारिश से विस्फोट की जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा और साक्ष्य नष्ट नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट को अंजाम देने वालों ने हाईकोर्ट को आसान निशाना माना और यही वजह है कि यहां कुछ ही महीनों के अंदर दो विस्फोट हो गए। गौरतलब है कि इसी अदालत के बाहर इससे पहले 25 मई को विस्फोट हुआ था। हालांकि, वह कम शक्तिशाली था।
इससे पहले भी धमाकों से दहलती रही है दिल्ली
दिल्ली उच्च न्यायालय के बाहर बुधवार को हुए बम विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है और लगभग 50 अन्य घायल हुए हैं... लेकिन इससे पहले भी धमाकों से थर्राती रही है दिल्ली, सो, एक नज़र डालते हैं, वर्ष 1997 से अब तक दिल्ली को दहलाते रहे बम विस्फोटों के घटनाक्रम पर...
25 मई, 2011 : दिल्ली उच्च न्यायालय के बाहर पार्क की गई एक कार में कम शक्तिशाली विस्फोट, कोई हताहत नहीं...
27 सितंबर, 2008 : कुतुबमीनार के पास महरौली फूल बाजार में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत और 21 घायल...
13 सितंबर, 2008 : कनाट प्लेस, करोल बाग के गफ्फार मार्केट और ग्रेटर कैलाश-1 की एम-ब्लॉक मार्केट में 45 मिनट के अंदर हुए पांच सिलसिलेवार विस्फोटों में कम से कम 25 लोगों की मौत और 100 से अधिक घायल...
14 अप्रैल, 2006 : पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के पास हुए दो विस्फोटों में कम से कम 14 लोग घायल...
29 अक्तूबर, 2005 : सरोजिनी नगर, पहाड़ंगज तथा गोविन्दपुरी इलाके में एक बस में हुए विस्फोटों (कुल तीन विस्फोट) में 59 से अधिक लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल... हताहतों में कुछ विदेशी भी...
22 मई, 2005 : दिल्ली के दो सिनेमाघरों में हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में एक व्यक्ति की मौत और 60 अन्य घायल...
18 जून, 2000 : लालकिले के पास हुए दो शक्तिशाली विस्फोटों में आठ साल की एक लड़की सहित दो लोगों की मौत और लगभग एक दर्जन घायल...
26 जुलाई, 1998 : कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) में खड़ी एक बस में शक्तिशाली विस्फोट, दो की मौत और तीन घायल...
30 दिसंबर, 1997 : पंजाबी बाग के पास एक बस में हुए विस्फोट में चार यात्रियों की मौत और लगभग 30 अन्य घायल...
26 अक्तूबर, 1997 : करोल बाग बाजार में दोहरा विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत और 34 घायल...
18 अक्तूबर 1997 : रानी बाग बाजार में हुए दोहरे विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत, 23 अन्य घायल...
10 अक्तूबर 1997 : शांतिवन, कौड़िया पुल और किंग्सवे कैम्प इलाकों में हुए तीन विस्फोटों में एक व्यक्ति की मौत और 16 घायल...
1 अक्तूबर, 1997 : सदर बाजार इलाके में हुए दो विस्फोटों में 30 लोग घायल...
9 जनवरी, 1997 : आईटीओ स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सामने हुए विस्फोट में 50 घायल.

No comments: