Tuesday, September 20, 2011

चुटकी पर भड़के उद्धव, कहा-राज ठाकरे से तो जानवर अच्छे



मुंबई। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच एक बार फिर से तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। राज ठाकरे ने उद्धव के फोटोग्राफी के शौक पर चुटकी ली तो उद्धव ने राज ठाकरे की तुलना जानवर से कर दी। इस बार विवाद का मुद्दा बने मुंबई की सड़कों पर मौजूद अनगिनत गड्ढे।

उद्धव ठाकरे के फोटोग्राफी के शौक से सब वाकिफ हैं। सोमवार को एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोग दूसरे राज्यों में जाकर जानवरों के फोटो निकालते हैं। अच्छा होता कि वो लोग मुंबई में घूमकर यहां के गड्ढों के फोटो खींचते। उनका शौक भी पूरा हो जाएगा और लोगों का भी भला होगा।


अपनी फोटोग्राफी की राज ठाकरे की आलोचना पर शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे भड़क गए। उद्धव ने कहा है कि ऐसे जानवरों की ओर ध्य़ान देने की जरूरत नहीं है। राज ठाकरे की चुटकी पर बौखलाए उद्धव ने कहा कि कुछ लोगों को मुफ्त में सलाह देने का रोग लग गया है और ऐसे जानवरों की तरफ ध्यान देने की जरूरत नहीं।

उद्धव ने कहा कि ऐसी सलाह देने की बजाए आप अपने अंदर के गड्ढों में झांकिए। जिस घर में आप पले बढे़, जिस मां के यहां खाया-पिया उसी घर के बारे में बोलने की जरूरत नहीं हैं। एक जानवर मेरे घर में पला-बढ़ा मुझे पता नहीं चल पाया। जंगल के जानवर नमक हरामी नहीं करते। जंगल के जानवर ज्यादा अच्छे हैं।

No comments: