
नई दिल्ली। दिल्ली धमाके के सिलसिले में आईबीएन7 ने एक बड़ा खुलासा किया है। ये खुलासा कहता है कि दिल्ली धमाका इंडियन मुजाहिदीन ने कराया और इसकी जानकारी खुद इस आतंकी संगठन ने ही दिल्ली पुलिस को दी। ये जानकारी खुद इंडियन मुजाहिदीन ने दिल्ली पुलिस की बेवसाइट पर दी।
इंडियन मुजाहिदीन ने धमाके के 13 मिनट बाद ही दिल्ली पुलिस की बेवसाइट को हैक कर उसपर ये जानकारी दी। लेकिन तब दिल्ली पुलिस ने इस खबर को दबा दिया। माना जा रहा है कि धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले जिस तीसरे मेल की बात कही जा रही है वो कुछ और नहीं बल्कि इंडियन मुजाहिदीन का वही मेल है जिसे धमाके के 13 मिनट बाद भेजा गया था। उसी मेल में इस बात का खुलासा किया गया है कि अगला निशाना अहमदाबाद है।
गौरतलब है कि इंडियन मुजाहिदीन अक्सर आतंकी हमलों के बाद ऐसे ईमेल भेजता है। दिल्ली धमाकों के महज 13 मिनट बाद ही दिल्ली पुलिस को ये मेल उसकी वेबसाइट पर मिला लेकिन पुलिस उस मेल की खबर को दबा गई क्योंकि पुलिस उसे डिकोड ही नहीं कर पाई। अब दिल्ली पुलिस भी स्वीकार रही है कि उसे ऐसा मेल मिला। हालांकि उसने अपनी वेबसाइट हैक होने से इनकार कर दिया। मेल को डिकोड करने पर पता चला कि इंडियन मुजाहिदीन का अगला निशाना अहमदाबाद होगा।
वैसे इससे पहले मीडिया संगठनों को धमाके के दो ईमेल मिले थे। पहला ईमेल हुजी के नाम से भेजा गया था तो दूसरा इंडियन मुजाहिदीन के नाम से। हुजी का मेल जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से भेजा गया था। पुलिस ने मेल भेजने वाले युवक व साइबर कैफे के मालिक को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
No comments:
Post a Comment