Tuesday, September 27, 2011

गुजरात में घुसे दो आतंकी , नवरात्रि पर तबाही मचाने की साजिस


अहमदाबाद। भारत सरकार की मल्टीलेवल इंटेलीजेंस यूनिट (मेक) ने दिल्ली ब्लास्ट के सात आतंकियों में से दो के गुजरात में दाखिल होने का अलर्ट मैसेज जारी किया है। जबकि अन्य दो के पश्चिम बंगाल में छुपे होने की भी बात कही गई है।

यहां उल्लेखनीय है कि नवरात्रि प्रारंभ होने जा रही है और गुजरात में नवरात्रि पर्व पर गरबे की जबर्दस्त धूम रहती है। इसलिए आतंकी इस मौके का फायदा उठाकर गुजरात में गरबा स्थलों को अपना निशाना बना सकते हैं। इसके अलावा नवरात्रि के बाद दशहरा और फिर दीपावली, मसलन पूरे महीने बाजारों और धार्मिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ जमा रहेगी। अत: भीड़भाड़ वाले इलाके या धार्मिक स्थल भी आतंकियों के निशाने पर हो सकते हैं।

दूसरी तरफ, कुछ समय पहले ही आतंकियों द्वारा सितंबर माह में गुजरात में बड़े विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही गुजरात में अलर्ट जारी कर दिया गया था। मेक की इस रिपोर्ट के बाद फिर से गुजरात में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को खासतौर पर गरबा स्थलों पर पैनी नजर रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
उधर , जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच सोमवार को शुरू हुई मुठभेड़ मंगलवार को भी जारी है। मुठभेड़ में अब तक तीन आतंकवादी मारे गए हैं जबकि दो पुलिसकर्मी भी शहीद हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में यह मुठभेड़ सोमवार को शुरू हुई थी। मुठभेड़ में सेना का एक जवान घायल भी हुआ है।

श्रीनगर में सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुठभेड़ जारी है। सेना की कार्रवाई में अभी तक तीन आतंकवादी मारे गए हैं। एक जवान घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेना के 18वीं ग्रेनेडियर्स के जवानों और पुलिस की टीम ने सोमवार को क्रालपोरा पुलिस थाने के अंतर्गत अवथकुल जंगली इलाके के आस-पास तलाशी अभियान चलाया था।

अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें घटनास्थल पर ही दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ जारी है और घटनास्थल पर और जवानों को उनकी मदद के लिए भेजा जा रहा है।

No comments: