Thursday, February 17, 2011

तिरुवनंतपुरम के चकाई इलाके में गुरुवार को एक निजी स्कूल की वैन एक नहर में गिर जाने से उसमें सवार चार बच्चों और एक महिला सहायक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पार्वती पुथानार नहर से इस महिला और बच्चों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला और एक अस्पताल ले गए, जहां पर इन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वैन के चालक के मुताबिक, वाहन में नौ बच्चे और एक परिचारिका सवार थी। उन्होंने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए की नहर में कोई बच्चा छूट नहीं गया है, इसकी तलाशी ली जा रही है।
यह सभी बच्चे पेट्टाह इलाके स्थित अपने विद्यालय की ओर जा रहे थे। यह सभी बच्चे एलकेजी और यूकेजी के छात्र है।
इसी प्रकार
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में गुरुवार को एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने एक छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। छात्रा की मौत से नाराज भीड़ ने हिंसक प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ और पुलिस से झ्झड़प की। घटना शहर के सासनीगेट इलाके की है, जहां आगरा रोड पर सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस-अलीगढ़) की तेज रफ्तार बस ने स्कूटी से कॉलेज जा रही छात्रा अनीता को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। अनीता स्थानीय राम कटोरी वार्षनेय इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया और खाली स्कूल बस में तोड़फोड़ की। सासनीगेट थाना प्रभारी कमला शंकर ने संवाददाताओं से कहा कि हालात काबू में करने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस बल से उग्र लोगों ने धक्का मुक्की करते हुए झड़प की। शंकर ने कहा कि फिलहाल हालात काबू में हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

No comments: