Saturday, February 26, 2011


Bookmark and Share ईमेल प्रिंट





जोशी हत्या मामले में साध्वी प्रज्ञा भी आरोपी !

भोपाल। मालेगांव बम ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रचारक सुनील जोशी की हत्या मामले में आरोपी बनाया गया है। सूत्रों की मानें तो सुनील जोशी की हत्या से पहले प्रज्ञा उनसे मिलने गई थी और उसने कुछ सबूत मिटाने की कोशिश भी की। इसीलिए उसे इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

मध्य प्रदेश पुलिस ने खुलासा किया था कि सुनील जोशी अजमेर दरगाह और हैदराबाद की मक्का मस्जिद में हुए धमाकों का मास्टरमाइंड था। बाद में संघ प्रचारक के ही साथियों ने 29 दिसंबर 2007 को एमपी के देवास में उसकी हत्या कर डाली।

गौरतलब है कि प्रज्ञा को 29 सितंबर 2008 को मालेगांव में हुए धमाकों के सिलसिले में मुंबई एटीएस ने गिरफ्तार किया था। मालेगांव धमाकों में पांच लोगों की मौत हो गई थी। सुनील जोशी हत्याकांड के मामले में औद्योगिक थाना पुलिस ने चार आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से मुंबई जाकर शुक्रवार को पूछताछ की। प्रज्ञा फिलहाल मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती है। सूत्रों की मानें तो शीघ्र साध्वी को देवास भी लाया जा सकता है।सुनील जोशी की हत्या के बाद प्रज्ञा सिंह का सुनील के घर पर आने संबंधी बयान सुनील की भतीजी चंचल ने दिया था। सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों पूर्व औद्योगिक थाना प्रभारी विनोदसिंह कुशवाह टीम के साथ मुंबई गए थे।


पूर्व में भी देवास पुलिस टीम ने प्रज्ञा से पूछताछ की थी लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिल सकी। टीम ने न्यायालय से अनुमति लेकर प्रज्ञा को फॉर्मल अरेस्ट किया है। इसके बाद पूछताछ की गई। उम्मीद है कि सुनील जोशी हत्याकांड का चालान न्यायालय में पेश करने के बाद टीम फिर मुंबई जाएगी और प्रज्ञा को देवास लेकर आएगी। देवास पुलिस अधीक्षक एसपी सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया मुंबई में प्रज्ञा से पूछताछ की जा रही है।

यह कहा था चंचल ने

सुनील जोशी हत्याकांड को लेकर उनकी भतीजी चंचल ने कहा था कि चाचा सुनील की हत्या के बाद प्रज्ञा उसके घर आई थी। प्रज्ञा वहां से सुनील की एक अटैची लेकर चली गई थी। देवास पुलिस इसी अटैची का रहस्य जानने में लगी है कि उसमें ऐसा क्या था जिसे प्रज्ञासिंह को देवास आना पड़ा।

No comments: