
रुद्रपुर(ऊधमसिंह नगर): बेटी के रिश्ते से नाखुश हेड कांस्टेबल ने कारबाइन से पहले उसे और बाद में खुद को गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। बेटी की शनिवार को सगाई होनी थी। गोली की आवाज सुनकर परिजन हड़बड़ाकर जाग गये। भीतर का दृश्य देखकर उनमें कोहराम मच गया। शोर सुनकर कालोनीवासी इकट्ठा हो गये। पुलिस को सूचना दी गयी। इस पर एसएसपी समेत अन्य अफसरों ने घटना स्थल का मुआयना कर जानकारी प्राप्त की। इस सनसनीखेज वारदात से शहरवासी स्तब्ध है।
फौजी मटकोटा गांव के विजेंद्र गिरी (48) पुत्र ब्रह्मा गिरी का शहर की सिंह कालोनी गली नंबर छह में मकान है। जहां वह अपने परिवार के साथ रहता था। वर्तमान में वह नैनीताल जिले में तैनात था और कुछ माह से हल्द्वानी के जयगुरु ज्वैलर्स की मालकिन रीता की सुरक्षा में गनर के रूप में तैनात था। शुक्रवार की रात वह पुत्री दीपिका की सगाई के लिए यहां पहुंचा लेकिन वह हो रहे रिश्ते से खुश नहीं था। परिजनों के मुताबिक घर पहुंचकर विजेंद्र ने अपनी सरकारी कारबाइन अलमारी में रख शराब पीना शुरू कर दिया। नशा चढ़ा तो वह परिजनों से झगड़ने लगा। बाद में विजेंद्र पुत्र सुमित व दीपिका के साथ सो गया जबकि दूसरे कमरे में उसकी पत्नी शोभा व बड़ा पुत्र अमित सोने चले गये। अचानक मध्यरात्रि उठकर विजेंद्र फिर बवाल करने लगा। इस पर कमरे में सो रहा सुमित भी बगल वाले कमरे में जाकर मां के साथ सो गया। आधा घंटा बीता था कि विजेंद्र वाले कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इस पर उसकी पत्नी व पुत्र हड़बड़ाकर उठ गये और बगल वाले कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गये। घर पर कोहराम मच गया। दीपिका खून से लथपथ बैड पर जबकि विजेंद्र फर्श पर पड़ा हुआ था। बगल में सरकारी कारबाइन भी पड़ी हुई थी। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गये। वे मौके पर पहुंचे तो स्तब्ध रह गये। इस दौरान उन्होंने शोभा व उसके पुत्रों को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सबसे पहले कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसएसपी अजय रौतेला, एएसपी अशोक भट्ट व सीओ सैंथिल अबुदेई ने घटनास्थल पर पहुंच जानकारी ली तथा नैनीताल पुलिस को सूचित किया। इधर पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया और कारबाइन कब्जे में ली। मृतक विजेंद्र के पुत्र सुमित ने बताया कि उसकी बहन दीपिका की शनिवार को लखीमपुरीखीरी निवासी युवक के साथ सगाई होनी थी। मगर उसके पिता इस रिश्ते से खुश नहीं थे और अक्सर इसका विरोध करते थे। इसके बावजूद मां व अन्य परिजन पिता को इस रिश्ते के लिए मनाते थे। बीती रात यह अनहोनी हो गयी। इधर एसडीएम पीसी दुम्का के बाद एसपी सिटी हल्द्वानी जेएस भंडारी ने भी यहां पहुंचकर घटना की जानकारी ली
No comments:
Post a Comment