Monday, July 4, 2011



नई दिल्ली. पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू इस साल रिएलिटी शो 'बिग बॉस सीज़न 5' में हिस्सा ले सकते हैं। बिग बॉस के निर्माताओं ने सिद्धू को 'घर' का हिस्सा बनने के लिए पांच करोड़ रुपये की रकम की पेशकश की है।

सूत्रों के मुताबिक, 'इस बार बिग बॉस के निर्माता सिद्धू को इतनी बड़ी रकम की पेशकश कर रहे हैं, सिद्धू के लिए मना करना बेहद मुश्किल होगा। यह रकम उन्हें शो में सिर्फ पांच हफ्तों तक दूसरे प्रतियोगियों के साथ रुकने के लिए दी जा रही है। निर्माताओं को मालूम है कि सिद्धू का अंदाज दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय है। यही वजह है कि इस बार उन्हें शो में लाने की तैयारी है।' हालांकि, अभी तक सिद्धू ने इस खबर को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

कार्यक्रम के निर्माताओं ने अभी से ही कार्यक्रम के हिस्सेदारों के नाम तय करने का काम शुरू कर दिया है। शो अक्टूबर में शुरू होगा। सिद्धू को दो साल पहले बिग बॉस सीज़न 3 में शामिल करने की कोशिश की गई थी। लेकिन टीम इंडिया के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने तब उस पेशकश को ठुकरा दिया था। इसके बाद डिजाइनर रोहित वर्मा को बिग बॉस सीज़न 3 में शामिल किया गया था। गौरतलब है कि सिद्धू इन दिनों एक साथ कई तरह की भूमिकाएं निभा रहे हैं। एक तरफ वे सांसद हैं, वहीं दूसरी ओर वे क्रिकेट मैचों की कमेंट्री भी करते हैं। इसके अलावा वे लॉफ्टर चैलेंज जैसे कॉमेडी शो में जज भी बनते हैं।

संजय दत्त को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से उस समय राहत मिल गई जब 1993 के मुंबई ब्लास्ट मामले में उनको जमानत नहीं दिए जाने संबंधी अर्जी को खारिज कर दिया। यह अर्जी फिल्म निर्माता शकील नूरानी ने दाखिल की थी। नूरानी ने आरोप लगाया था कि संजय दत्त के कहने पर माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम ने उसे धमकी दी थी।

शकील का संजय दत्त के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा है। न्यायाधीश पी सदाशिवम और न्यायाधीश बी एस चौहान की पीठ ने शकील की याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता वित्तीय विवादों को सुलझाने के लिए आपराधिक मामले के जरिए न्यायालय का इस्तेमाल कतई नहीं कर सकता। इससे पहले नूरानी के वकील संजय हेगडे ने कहा कि उनके मुवक्किल को अंडरवल्र्ड अपराधियों की ओर से जान से मार डालने की धमकियां मिल रही है और उन्होंने इस बारे में प्राथमिकी दर्ज करा रखी है लेकिन न्यायालय ने उनकी इस दलील को कोई तवज्जो नहीं दी
फैसबुक से चैटिंग कर लड़की को अगवा किया

धार। सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक के जरिए चैटिंग कर एक लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। इस मामले मे धार कोतवाली पुलिस ने दिल्ली एवं बिजनौर के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामला लव जेहाद से जुड़ा बताया जा रहा हैै। दोनों आरोपी लड़की को भोपाल तक ले जाने में सफल हो गए थे, लेकिन समय पर ट्रेन न आने से पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

सूत्रों के अनुसार धार नगर के शिव विहार कालोनी निवासी 17 वर्षीय एक छात्रा की इन्टरनेट पर फेसबुक के माध्यम से नगीना थाना बिजनौर (उ.प्र.) हाल मुकाम त्रिलोकपुरी पुरानी दिल्ली के रहने वाले खालिद पिता शम्सी से दो वर्ष पहले दोस्ती हुई थी। दोनों एक-दूसरे को रोमांटिक मैसेज भेजा करते थे, और इसी बीच खालिद ने लड़की को शादी का प्रस्ताव दे दिया, किन्तु लड़की ने मना किया।

लड़की के मना करने पर उस पर दबाव डाला गया और आखिरकार खालिद ने अपने एक दोस्त नईम पिता मोहम्मद अलीम निवासी शक्तिचौक अलिबाग मस्जिद के पास बिजनौर की सहायता से लड़की को अकेले इन्दौर बुलाया और फिर दोनों आरोपी उसे टैक्सी करके भोपाल तक ले गए। इन आरोपियों ने भोपाल से दिल्ली के तीन रेलवे टिकट खरीदे थे, किन्तु घटना की जानकारी धार कोतवाली पुलिस को समय पर मिल जाने से उसने जीआरपी भोपाल को सूचित कर दिया था और जीआरपी ने तुरंत खोजबीन कर लड़की सहित दोनेां आरोपियों को पकड़ लिया।

छ: माह पूर्व धार आये थे, आरोपी
इस मामले में यह पता चला है कि मुख्य आरोपी खालिद 6 माह पूर्व दिसम्बर माह में धार आया था, और लड़की से पहली बार घोड़ाचौपाटी पर मिला था। बाद में इन्होने आश्रम जाकर भी कुछ समय बिताया था। यह मुख्य आरोपी दिल्ली में एलजी कंपनी के सर्विस सेन्टर पर नौकरी भी करता है। इसके पास से पुलिस ने मोबाईल की 13 सिमें भी जब्त की है।

बड़ी योजना के तहत किया, अपहरण
इस लड़की के अपहरण के पीछे दोनो आरोपियों द्वारा एक बड़ी योजना के तहत कार्य किया जा रहा था। जिसमें खालिद का दोस्त नईम खान भी पूरी तरह से सहयोग दे रहा था। यह दोनों दोस्त दिल्ली से इन्दौर आए, और इन्होनें पहले बाजार से एक बुर्का खरीदा। इन्दौर से 13 सौ रूपये में किराये की टेक्सी लेकर दोपहर 4:30 बजे इन्दौर से रवाना होकर करीब 8:00 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पहंुच गए। इन दोनों को कुछ शंका हो गई थी। अत: खालिद ने अपने सहयोगी नईम को यह कह दिया था, कि यदि पुलिस हमे पकड़ती है तो तुम यह बताना कि मैं तो जानता ही नहीं। और मैं सिर्फ लाइन में पहले लगे होने से इनके टिकट खरीद रहा था। किन्तु पुलिस के आगे कुछ नहीं चली। वहीं, खालिद ने बताया कि वह लड़की को दिल्ली अपने किराये के मकान में ले जाकर अपने साथ में काम करने वाले एलजी कंपनी में इंजिनियर अनवर एवं उसकी पत्नी के सहयोग से निकाह करने वाला था। खालिद के पिता मजदूरी करते है। खालिद के चार भाई और है, जिनकी अभी तक शादी तक नहीं हुई है।

होटल मेंनेजमेंट का छात्र
खालिद का दोस्त नईम होटल मेनेजमेंट का कोर्स दाजिंüलिंग से कर चुका हैं। नईम उत्तराखण्ड के कोंटा में जिस होटल कान्टीनेन्टल मे भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी महेन्द्रसिह धोनी की शादी हुई थी, उसमें कार्य कर रहा था। खालिद और नईम बिजनौर के रहने वाले थे। अत: दोनो की दोस्ती भी पक्की थी। इसीलिए नईम खालिद का सहयोग करने दिल्ली तक पहुंच गया।

लव जेहाद का मामला
इस पूरे मामले में पुलिस के अधिकारियों का यह भी कहना है कि इस अपहरण के पीछे धर्म विशेष के द्वारा चलाए जा रहे लव जेहाद का भी मामला हो सकता है। दोनों आरोपी पूछताछ के दौरान बड़ी मुश्किल से मुंह खोल रहे हंै। अपहरण के पीछे का सच जानने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। लव जेहाद का मामला इसके पूर्व केरल राज्य में भी प्रकाश में आ चुका हैं। जिस पर केरल उच्च न्यायालय ने स्वंय संज्ञान लेकर पूरे मामले की जांच राज्य पुलिस को सौपी थी। जिस पर पुलिस ने जांच कर एक बड़े मामले का खुलासा किया था।

Sunday, July 3, 2011

मुंबई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पत्रकार जे डे की हत्या के सिलसिले में विनोद चेंबूर नाम के एक और शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद विनोद चेंबूर को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सात जुलाई तक उसे पुलिस कस्टडी में भेजा दिया।

पुलिस के मुताबिक बताया जा रहा है कि इसी शख्स ने जे डे के हत्या के लिए पैसे दिए थे। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने पहले भी सात लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। और कोर्ट ने पुलिस की मांग पर पांचों आरोपियों को 4 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया था।




नई दिल्ली। उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के दौरान अब तक 33 लोगों की हार्टअटैक से मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में कई तीर्थयात्रियों के लिए चारधाम यात्रा अंतिम यात्रा साबित हुई। ग्यारह सौ किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान ढाई से तीन हज़ार मीटर की ऊंचाई पर 32 किलोमीटर से ज्यादा पैदल सफर तय करना पड़ता है लेकिन पूरे मार्ग पर कोई हार्टकेयर इंस्टीट्यूट नहीं है।

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा अब मोक्ष नहीं मौत की वजह बन रही है। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्वालु बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री की यात्रा करते हैं, लेकिन इस बार इस रूट पर करीब 33 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें हार्टअटैक से हुई हैं। ये मौतें यात्रा के रूट पर आने वाले टिहरी, देहरादून, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में हुईं। टिहरी और चमोली जिलों में हार्टअटैक से दो-दो तो उत्तरकाशी में हार्टअटैक से 13 मौतें हुईं। एक यात्री की सड़क हादसे और दूसरे की नदी में ड़ूबने से मौत हो गई।

इमरजेंसी सर्विस 108 के आंकड़े देखें तो एक महीने में चारधाम यात्रा मार्ग पर 33 लोगों की हार्टअटैक से मौत हुई। दरअसल हार्टअटैक के उपचार के लिए जरूरी सुविधाएं ही मुहैया नहीं कराई गई थी। ऊंचाई बढ़ने के साथ हार्टअटैक का खतरा बढ़ जाता है। लेकिन चारधाम यात्रा रूट पर चार जिलों में से सिर्फ उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में ही कार्डियोलोजिस्ट मौजूद है। प्रशासन भी डॉक्टरों की कमी की बात मान रहा है।

चारधाम यात्रा: अब तक 33 लोगों की हार्टअटैक से मौत
उमाकांत पंवार (सचिव,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) ने बताया कि डॉक्टरों की कमी, हर ज़गह डॉक्टर नहीं लग सकते है। और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी है.

मुंबई. नीरज ग्रोवर हत्‍याकांड में कत्‍ल के आरोप से मुक्‍त होकर जेल से छूटते ही मारिया सुसाइराज स्‍टार बन गई हैं। सिर्फ तीन साल की सजा पाकर छूटीं मारिया के पास अब ढेरों ऑफर हैं।
डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने उनको लेकर फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया। ऐसी खबरें भी गर्म हैं कि मारिया बिग बॉस-5 में शामिल होंगी। इसमें उन्हें 5 करोड़ रुपये का ऑफर मिल सकता है। तीन साल पहले मारिया अदद टीवी सीरियल में काम करने के लिए भी जूझ रही थीं।


मारिया के सस्‍ते में छुट जाने से नीरज के समर्थकों में गुस्‍सा है। उन्‍होंने सेशंस कोर्ट के फैसले से असंतुष्‍ट होकर आज मुंबई में मार्च निकाला। उनका कहना था कि मामले की फिर सुनवाई हो और मारिया को कड़ी सजा मिले। हालांकि खबर है कि पुलिस ने मार्च निकालने वालों को पकड़ लिया। पुलिस का तर्क था कि उन्‍होंने मार्च निकालने की इजाजत नहीं ली थी।
मारिया सुसाइराज टीवी कलाकार बनने के लिए केरल से मुंबई आई थीं। उनको काफी दिनों तक संघर्ष किया, लेकिन कोई भी निर्माता उनको ब्रेक देने के लिए तैयार नहीं हुआ। संघर्ष के दौरान ही टीवी इग्‍जेक्‍युटिव नीरज ग्रोवर से उनकी पहचान हुई और वे दोनों करीब आए। हालांकि मारिया को काम तब भी नहीं मिला। इसी बीच नीरज ग्रोवर का कत्‍ल हो गया और मारिया चर्चा में आ गईं। अब उनके पास काम ही काम है, जबकि नीरज के दोस्‍त और परिवार वालों को यह दर्द सता रहा है कि उनके बेटे का कातिल आसानी से बच निकला.

मंजूनाथ एल हंजी (बेंगलुरु मिरर)
बेंगलुरु।। चोर का ऐसा कारनामा आपने आज तक शायद ही सुना होगा। बेंगलुरु का यह मामूली सा चोर घर में घुसता था और चोरी नहीं करता था। वह घर के बेडरूम और बाथरूम में कैमरे फिट कर चला जाता था। और इसके बाद शुरू होती थी असली कहानी।

यह चोर एक बार फिर घर में सेंध लगाता था और अपने लगाए कैमरे लेकर निकल जाता था। इसके बाद कैमरे में कैद घर के सदस्यों के बेहद अंतरंग पलों की रिकॉर्डिंग से वह उन्हें ब्लैकमेल करने लगता था। उसने इस तरह से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कमाए। यह चोर अब बेंगलुरु पुलिस की गिरफ्त में है।

बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक मदुरै का रहने वाले परमेश्वरन को वाहन चोरी के आरोप में मई में ही गिरफ्तार किया गया था। वह बेल पर छूट कर बाहर आ गया था। लेकिन पुलिस तब तक उसकी इस कारस्तानी से नावाकिफ थी। बेंगलुरु के एक आईटी प्रफेशनल ने डीसीपी से इसकी शिकायत की तो जांच के बाद परमेश्वरन की पूरी पोल पट्टी खुली।

मामले की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी ने बताया, 'परमेश्वरन कैमरे में कैद अंतरंग दृश्यों की सीडी बना लेता था और उसके पीछे अपना कॉन्टेक्ट नंबर लिखकर घर में छोड़ आता था। जब कोई पुरुष उसे कॉन्टेक्ट करता तो वह पैसे की डिमांड करता। और अगर कॉलर कोई महिला होती तो वह उससे सेक्स की डिमांड करता था। यही नहीं पुलिस में शिकायत करने पर वह विडियो को इंटरनेट पर डालने और उनके दोस्तों और सहकर्मियों को देने की धमकी देता।'

एक शख्स से तो परमेश्वरन ने 10 लाख रुपये तक ऐंठ लिए थे। पुलिस के मुताबिक उसने इस तरह से करीब डेढ़ करोड़ रुपये वसूले थे।

मई 2011 में परमेश्वर को पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार भी किया था, लेकिन वह जल्द ही बेल पर छूट गया था। उसके छूटने के बाद पुलिस को शिकायतें मिलने लगीं कि कोई बेडरूम सीन की रिकॉर्डिंग कर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है।

पुलिस को जांच के बाद शक हुआ और परमेश्वर को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद उसने सारी बातें उगल दीं। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 सीडी और मोबाइल क्लिप बरामद की है